मैनपुरी। सदर सीट से विधायक और सूबे की सरकार में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जिले के दो प्रमुख मुद्दों पर जल्द कार्रवाई करने के लिए पहल की है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य जल्द शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री और शहर में बाईपास निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने जल्द से जल्द इन दोनों कार्यों की स्वीकृति देने के लिए पत्र भी सौंपा।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्हें दिए पत्र में बताया कि पूर्व में मैनपुरी के लिए पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की स्वीकृति हुई थी। अब तक कार्यदायी संस्था नामित न होने से ये कार्य नहीं हो सका है। उन्होंने कार्यदायी संस्था नामित करने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद से मुलाकात की। इसमें शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पूर्व में भेजे गए बाईपास के प्रस्ताव की बात उठाई। उन्होंने बताया कि शहर में मैनपुरी-कुरावली रोड, मैनपुरी-शिकोहाबाद रोड, सौंरिख-बदायूं रोड, मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग आदि पर वाहनों का दबाव अधिक होने के चलते शहर में जाम की समस्या उत्पन्न होती है। अगर इन सभी को जोड़ते हुए बाईपास का निर्माण करा दिया जाए तो समस्या से निजात मिल जाएगी। ये भी बताया कि भूमि अधिग्रहण से लेकर निर्माण तक कुल अनुमानित लागत लगभग 417.86 करोड़ है। उन्होंने जल्द स्वीकृति और बजट जारी करने की मांग की है।
फिरोजाबाद के दो मार्गों का चौड़ीकरण
पर्यटन मंत्री ने फिरोजाबाद जिले के भी दो मार्गों के चौड़ीकरण की मांग भी उठाई। इसमें सिरसागंज-चंद्रपुरा-पैंगू अन्य जिला मार्ग और अरांव-पैंगू मार्ग को चौड़ा करते हुए 5.50 मीटर का बनाते हुए आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए कहा हैं।