मैनपुरी। समाजवादी पार्टी को विधानसभा चुनाव में मिली पराजय के बाद सपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और उनमें जोश भरने के लिए सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव गुरुवार को जिला में आएंगे। कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के साथ ही वे पुराने समाजवादियों से मिल सकते हैं। कार्यक्रम जारी होते ही सपा जिला संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने के बाद मुलायम सिंह यादव स्वास्थ्य कारणों के चलते जिले में कम समय दे पाए हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने करहल विधानसभा क्षेत्र के कोसमा में जनसभा को संबोधित किया था। चुनाव में अपेक्षित परिणाम न आने के बाद निराश सपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए एक बार फिर सपा संरक्षक उनके बीच रहेंगे। गुरुवार दोपहर 11 बजे मुलायम सिंह यादव सड़क मार्ग के जरिए मैनपुरी पहुंचेंगे। यहां आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम तय किया गया है। सपा संरक्षक का कार्यक्रम तय होने के बाद मंगलवार को सपा कार्यालय पर पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव ने कार्यकर्ताओं से तैयारियों का फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि सपा संरक्षक के तकरीबन दो घंटे तक कार्यकर्ताओं के बीच रहने की संभावना है। सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यालय पर तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। चारों विधानसभा के कार्यकर्ताओं को उनसे मिलने के लिए बुलाया गया है।