कुरावली ब्लॉक कार्यालय द्वारा निकाली बाइक तिरंगा रैली
कुरावली/मैनपुरी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को विकास खंड कार्यालय द्वारा तिरंगा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा जागरुकता रैली को एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों ने बाइक पर तिरंगा ध्वज लगाकर कस्बा की मुख्य सड़कों पर भ्रमण करके लोगों को संदेश दिया।
बुधवार को ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों के द्वारा निकाली गई जागरुकता बाइक तिरंगा रैली ब्लॉक कार्यालय से शुभारंभ हुआ। रैली कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने मुख्य गेट से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस विकास खंड कार्यालय पर पहुंचकर एक सभा के रुप में परिवर्तित हो गई। एसडीएम ने अपने संबोधन में संदेश देते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर भारतीय का कर्तव्य है कि वह हर घर में तिरंगा फहरा कर अपने देश के प्रति अपने तिरंगे के प्रति सम्मान और प्रेम का इजहार करें।
तिरंगा रैली में ये रहे शामिल
तिरंगा जागरूकता रैली में तहसीलदार अभय राज पाण्डेय, बीडीओ राजकुमार शर्मा, एडीओ कृषि विनोद यादव, पंचायत सचिव मनोज राजपूत, अनिल यादव, शिशुपाल सिंह, विमलेश कुमार, जितेंद्र कुमार, कुलदीप यादव, पंकज यादव, जितेंद्र कुमार, एकता राजपूत व समस्त ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।