जेल चौराहे पर वीरांगना अवंतीबाई, करहल चौराहा पर महाराणा प्रताप की लगेगी प्रतिमा
मैनपुरी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जनपद मैनपुरी के जेल चौराहे पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी की कांस्य की विशाल मूर्ति की स्थापना संस्कृति विभाग द्वारा कराई जायेगी। इस कार्य के लिए 20 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इसके साथ ही स्थल के सौन्दर्यीकरण के लिए अलग से धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी। अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा राज्य ललितकला अकादमी द्वारा तैयार की जा रही है।
पर्यटन मंत्री ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसके अलावा जनपद की पुलिस लाईन तिराहे पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित की जायेगी। इस मूर्ति का निर्माण राज्य ललितकला अकादमी द्वारा कराया जा रहा है। इस कार्य की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। मंत्री ने बताया कि जनपद के करहल चौराहे पर महाराणा प्रताप की कांस्य की विशाल प्रतिमा की स्थापना कराई जायेगी। इसका निर्माण राज्य ललितकला अकादमी द्वारा विशेष रूप से कराया जा रहा है। इस प्रतिमा पर लगभग 20 लाख रूपये की धनराशि व्यय की जायेगी। इसके साथ ही सौन्दर्यीकरण का कार्य भी कराया जायेगा। इसके लिए शासन से स्वीकृति एवं अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी।
भांवत चौराहे पर लगेगी सुभाष चन्द्र वोस की प्रतिमा
मंत्री ने कहा कि जनपद के भावंत चौराहा पर नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा भी संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित कराई जायेगी। इसका निर्माण भी ललितकला अकादमी द्वारा कराया जायेगा। इसकी स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में महापुरूषों की मूर्तियों की स्थापना किये जाने की परियोजना है। दूसरे चरण में अन्य महापुरूषों की मूर्तियों को भी स्थापित किया जायेगा। जिसके लिए स्थल का चयन प्रक्रियाधीन है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि इन मूर्तियों की स्थापना से आज की पीढ़ी अतीत के गौरवशाली इतिहास को जान सकेगी, इसके साथ ही अपने राष्ट्र नायकों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा प्राप्त करेगी।