आगरा / खेरागढ़। तहसील के थाना जगनेर क्षेत्र में एचटी का करंट अचानक से घरों के विद्युत उपकरणों में दौड़ गया। जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान एचटी के करंट की चपेट में एक मासूम बच्ची समेत महिला और पशु आ गए। जिसमें बच्ची की मौके पर मौत हो गई। जानकारी पर तहसीलदार समेत पुलिस बल और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामला शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे के थाना जगनेर के गांव उदैना का है। उदैना के कई दर्जन घरों में विद्युत लाइन और उपकरणों में अचानक से एचटी का करंट प्रवाहित हो गया। घरों की लाइन और विद्युत उपकरणों फ्रिज, टीवी, पंखे आदि में अचानक से एचटी करंट प्रवाहित होने से अफरा तफरी मच गई। इस दौरान फ्रिज में प्रवाहित हो रहे एचटी के करंट की चपेट में सात वर्षीय मासूम देव अस्मिता पुत्री देवेंद्र सिंह आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गांव की एक अन्य महिला 50 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र सिंह भी एचटी करंट की चपेट में आ गई जिससे वह भी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे आनन फानन में उपचार के लिए आगरा ले गए।
पशु भी आए एचटी करंट की चपेट में, एक की मौत
घरों में अचानक से प्रवाहित हुए एचटी करंट की चपेट में कई पशु भी आ गए जिसमें पूरन सिंह पुत्र सुनहरी लाल की पडिया की भी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी पर पुलिस बल और आला अधिकारी पहुंचे
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतका मासूम बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं तहसीलदार प्रदीप कुमार भी पहुंच गए और घटना के बारे में पीड़ितों से जानकारी ली।
मासूम की मौत पर घर में मचा कोहराम
मासूम बच्ची की असमय हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बच्ची की मां और पिता देवेंद्र का रो रोकर बुरा हाल है। घर में बच्ची सभी की लाड़ली थी इसीलिए सभी उसे लाड़ो कहकर पुकारते थे। एसडीओ जगनेर मोहित शर्मा ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल में जुटे हुए है। घरों की लाइन में अचानक से एचटी का करंट प्रवाहित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।