कानपुर। कानपुर देहात(राजपुर) तहसील क्षेत्र के गाँव किनारे खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गेहूँ की खड़ी फसल में आग लग गयी। जिससे दो बीघा गेहूँ की फसल जलकर खाक हो गयी। जानकारी के मुताबिक़ तहसील सिकन्दरा क्षेत्र के रसूलपुर गाँव निवासी विश्राम सिंह पुत्र पुनदी सिंह के खेत गाँव के बाहर हैं। पीड़ित के दो बीघा खेत में गेंहू की फसल लगी हुई है। जिसमें मंगलवार दोपहर तकरीबन बारह बजे अचानक आग लग गयी। गेहूँ की दोनों बीघा फसल देखते ही देखते जलकर राख हो गयी। वहीं पीड़ित किसान समेत अन्य ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने का काफी प्रयास किया गया। लेकिन आग की लपटें और विकराल होती गयी और पीड़ित किसान की आँखों के सामने ही उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। वहीं दूसरी ओर पास के खेतों में खड़ी गेहूँ की फसलों को बचाने के लिए अन्य किसानों ने अपने अपने खेतों में ट्रैक्टर चलाकर खड़ी फसल को बचा लिया गया। जिससे अन्य किसानों की सूझबूझ से बड़ी हानि होने से बच गयी।
