सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य अपराध

Agra News:अवेंजर्स कैफे’ में हुक्का पार्टी का खुला खेल ,ताजगंज पुलिस के लिए बनी चुनौती

by morning on | 2025-11-08 16:47:38

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 129


Agra News:अवेंजर्स कैफे’ में हुक्का पार्टी का खुला खेल ,ताजगंज पुलिस के लिए बनी चुनौती



ताजगंज पुलिस के लिए बनी चुनौती, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

Morning City

आगरा थाना ताजगंज क्षेत्र के विभव नगर चौकी अंतर्गत स्थित अवेंजर्स कैफे में देर रात अवैध रूप से हुक्का परोसे जाने का मामला उजागर हुआ है। एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवाओं का एक समूह धुएं के गुब्बारों के बीच हुक्का पीते और तेज म्यूजिक पर झूमते दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कैफे में चल रहा हुक्का बार का काला कारोबार
फतेहाबाद रोड पर स्थित यह कैफे युवाओं के बीच ‘हुक्का जोन’ के नाम से मशहूर हो चुका है। शाम ढलते ही यहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचते हैं। बताया जाता है कि कैफे में न केवल हुक्का सर्व किया जाता है, बल्कि नाबालिगों को भी एंट्री दी जाती है। अंदर तेज म्यूजिक, ब्लाइंड लाइट्स और धुएं के बीच यह पूरा माहौल नाइट क्लब जैसा बना रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात तक हुक्के के फ्लेवर की खुशबू पूरे इलाके में फैल जाती है। फतेहाबाद रोड के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि रात के समय कैफे से आने वाली तेज आवाजें और गाड़ियों की आवाजाही से क्षेत्र में शांति भंग होती है।

वायरल वीडियो ने उड़ाए प्रशासन के होश
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैफे में युवाओं को विभिन्न फ्लेवर के हुक्के दिए जा रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सवाल यह उठ रहे हैं कि प्रतिबंधित होने के बावजूद आखिर यह कारोबार कैसे चल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई गई। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की साठगांठ के चलते यह अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।

पुलिस की नाक के नीचे अवैध धंधा
विभव नगर चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर यह कैफे स्थित है, जहां रोजाना रात 9 बजे के बाद यह ‘हुक्का पार्टी’ शुरू हो जाती है। कानूनन किसी भी सार्वजनिक स्थान पर हुक्का परोसना प्रतिबंधित है, लेकिन इसके बावजूद यहां खुलेआम इसकी बिक्री और सेवन जारी है। एक स्थानीय व्यापारी ने बताया, “रात में दर्जनों गाड़ियां यहां रुकती हैं। अंदर से डीजे की आवाजें बाहर तक आती हैं, लेकिन पुलिस मानो आंखें मूंदे बैठी है।”

पुलिस ने कहा—वीडियो की जांच जारी
थाना ताजगंज पुलिस ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। यदि वीडियो में दिख रहे दृश्य अवेंजर्स कैफे के पाए गए तो संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक अधिकारी ने कहा, “शहर में किसी भी तरह का अवैध हुक्का बार संचालित नहीं होने दिया जाएगा। जो भी इस तरह के कृत्य में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ लाइसेंस रद्द करने से लेकर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।”

स्थानीय लोगों में रोष और सवाल
लोगों का कहना है कि यह केवल एक कैफे की बात नहीं है, बल्कि शहर के कई हिस्सों में इसी तरह के ‘हुक्का पॉइंट’ सक्रिय हैं। युवाओं को आकर्षित करने के नाम पर यह स्थान नशे की लत को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि पुलिस को बार-बार शिकायतों के बावजूद सख्त कार्रवाई करने से क्या रोक रहा है? 


खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment