सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य सामाजिक

Agra News:ब्रज में आस्था और भव्यता के साथ नव वर्ष 2026 का स्वागत ताजमहल पर उमड़ा जन सैलाब, प्रमुख मंदिरों में गूंजे जयकारे

by morning on | 2026-01-01 16:31:41

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 115


Agra News:ब्रज में आस्था और भव्यता के साथ नव वर्ष 2026 का स्वागत  ताजमहल पर उमड़ा जन सैलाब, प्रमुख मंदिरों में गूंजे जयकारे


वृन्दावन में उमड़ी 'आस्था की सुनामी बांके बिहारी के दर्शन को पहुंचे लाखों भक्त

 योगी सरकार के सुरक्षा इंतजामों ने जीता श्रद्धालुओं और पर्यटकों का दिल

Morning City

आगरा/मथुरा वर्ष 2026 की पहली भोर ब्रज मंडल में अटूट आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम लेकर आई। ताजनगरी आगरा की ऐतिहासिक इमारतों से लेकर कान्हा की नगरी मथुरा- वृन्दावन की कुंज गलियों तक, नए साल का स्वागत 'अतिथि देवो भव:' और 'राधे-राधे' के उद्घोष के साथ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष दिशा-निर्देशों के अनुरूप, जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के लिए ऐसी चाक-चौबंद व्यवस्था की कि लाखों लोगों ने बिना किसी बाधा के इस पावन उत्सव को मनाया।

वृन्दावन में भक्ति की बयार
आध्यात्मिक नगरी वृन्दावन में नव वर्ष का स्वागत शंखनाद और घंटे- घड़ियालों की गूंज के साथ हुआ। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में उमड़े श्रद्धालुओं के भारी दबाव को देखते हुए योगी सरकार के श्रद्धालु हित सर्वोपरि के मंत्र का पालन किया गया। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मंदिर के पट अपने निर्धारित समय पर ही खोले गए।

इस कदम से कतारों में खड़े लाखों भक्तों को बड़ी राहत मिली। वृन्दावन के सप्त देवालयों राधावल्लभ, राधारमण, और राधा दामोदर मंदिर सहित अन्य मठ-आश्रमों में भोर से ही 'जय श्री कृष्ण' और 'राधे- राधे' के जयकारे गूँजने लगे। अकेले बांके बिहारी मंदिर में ही डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन कर नए साल की खुशहाली की कामना की। संकरी गलियों में भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन के बेहतर प्रबंधन से प्रवाह बना रहा।

ताजनगरी में क्राउड मैनेजमेंट की मिसाल
आगरा में नए साल का जश्न ऐतिहासिक स्मारकों के साये में मनाया गया। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पर सुबह से ही पर्यटकों का तांता लगा रहा। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिन भर में 50 हजार से अधिक देसी- विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया। ताज के अलावा आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और एतमादुद्दौला जैसे स्मारकों पर भी लंबी कतारें देखी गईं। शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे मनकामेश्वर महादेव, खाटू श्याम मंदिर, काली बाड़ी, और बल्केश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों का रेला लगा रहा, जहाँ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

मथुरा और बरसाना में उमड़ा आस्था का सैलाब
मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर में राजाधिराज के दर्शन के लिए यमुना पूजन के बाद भक्तों की कतारें विश्राम घाट तक पहुँच गईं। वहीं, श्रीकृष्ण जन्मभूमि में सुरक्षा के कड़े घेरे के बीच तीनों प्रवेश द्वारों से भक्तों का सुगम प्रवेश सुनिश्चित किया गया। उधर, बरसाना की श्री लाडली जी (राधा रानी) के मंदिर में भोर से ही मधुर भजनों, मंजीरों की झंकार और ढोलक की थाप पर भक्त झूमते नजर आए। पूरे कस्बे में 'राधा-राधा' की गूँज ने माहौल को पूरी तरह भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

अभेद्य सुरक्षा: ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
लाखों की भीड़ के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे योगी सरकार की पुलिस ने बखूबी निभाया। पुलिस- प्रशासन द्वारा चप्पे- चप्पे पर नजर रखने के लिए आधुनिक ड्रोन और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया गया। माइक के जरिए लगातार अनाउंसमेंट कर भीड़ को एक स्थान पर एकत्रित होने से रोका गया। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और वन- वे सिस्टम लागू किया गया, ताकि पैदल यात्रियों को असुविधा न हो।श्रीकृष्ण जन्मभूमि और अन्य संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वर्दीधारी पुलिस बल के साथ- साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी (इंटेलिजेंस) तैनात रहे ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।

Additional Image
खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment