सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य विकास

आगरा- मेट्रो को ऐतिहासिक सफलता, भूमिगत टनल निर्माण कार्य पूर्ण

by morning on | 2025-06-03 16:47:42

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 53


आगरा- मेट्रो को ऐतिहासिक सफलता, भूमिगत टनल निर्माण कार्य पूर्ण

Morning City

मनःकामेश्वर स्टेशन पर अंतिम ब्रेकथ्रू, सितंबर से आईएसबीटी तक शुरू हो सकता है सफर

आगरा। शहर की रफ्तार को नई दिशा देने जा रही आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे इस कॉरिडोर के शेष भूमिगत भाग में मंगलवार को मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर स्थित रिट्रीवल शाफ्ट पर अंतिम ब्रेकथ्रू हासिल कर टनल निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया। इसके साथ ही भूमिगत सिविल निर्माण कार्य भी संपन्न हो गया है। इससे पहले प्रथम कॉरिडोर के सभी स्टेशन—मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी एवं आरबीएस कॉलेज का सिविल निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका था। अब इन चारों भूमिगत स्टेशनों पर फिनिशिंग और सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। इसी के साथ ट्रैक, इलेक्ट्रिकल और सिग्नलिंग कार्य में भी तेजी लाई गई है ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर मेट्रो सेवा शुरू की जा सके।

सितंबर से आईएसबीटी तक मेट्रो सफर की उम्मीद

मौजूदा समय में आगरा मेट्रो का संचालन ताज ईस्ट गेट से मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक सफलतापूर्वक किया जा रहा है। वहीं, शेष हिस्से में चार टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) की मदद से भूमिगत सुरंग बनाई गई, जिनमें से दो को आरबीएस रैंप से आगरा कॉलेज और दो को आगरा कॉलेज से मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक टनल निर्माण के लिए उपयोग किया गया। साथ ही आईएसबीटी तक पिलर निर्माण का कार्य भी पूरा हो गया है और वहां स्टेशन निर्माण की तैयारी शुरू हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि सितंबर 2025 तक आईएसबीटी तक मेट्रो संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।

यूपी मेट्रो एमडी ने की टीम की सराहना

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने आगरा मेट्रो टीम की सराहना करते हुए कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद टीम ने प्रथम कॉरिडोर के भूमिगत भाग में टनल निर्माण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह टीम पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही है और जल्द से जल्द मेट्रो सेवा को जनता के लिए शुरू करने को प्रतिबद्ध है।

कमिश्नर और पुलिस विभाग ने जताई संतुष्टि

ब्रेकथ्रू के इस मौके पर मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मेट्रो टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आगरा शहर के भविष्य की रफ्तार को तय करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही प्रस्तावित सभी मेट्रो स्टेशन से नियमित सेवा शुरू होगी। वहीं, पुलिस उपायुक्त सोनम कुमार, एसीपी सदर सुकन्या शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन के पास टनल निर्माण स्थल का भ्रमण किया और पैदल गश्त कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि कार्यस्थल पर सुरक्षा व यातायात सुचारु बना रहे। आगरा मेट्रो का यह मील का पत्थर आने वाले समय में शहरवासियों को सुरक्षित, तेज और पर्यावरण अनुकूल परिवहन का नया विकल्प प्रदान करेगा।

Additional Image
खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment