सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य अपराध

मैनपुरी-सेना भर्ती के नाम पर ठगी करने वाला सरगना गिरफ्तार

by morning on | 2025-06-04 16:20:26

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 184


मैनपुरी-सेना भर्ती के नाम पर ठगी करने वाला सरगना गिरफ्तार

फोटो परिचय- प्रेसवार्ता में जानकारी देते एसपी गणेश प्रसाद साहा

Morning City


- सह आरोपी महिला भी गिरफ्तार, यूटयूब चैनल के जरिए करता था प्रचार


- देशभर के युवाओं से करोड़ो रुपए हड़पे, चौंका देंगे सरगना के काले कारनामे


मैनपुरी। थाना किशनी क्षेत्र में भारतीय पुलिस प्रोटेक्शन फोर्स के नाम से सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षण केंद्र की आड़ में देशभर के युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला अरविंद पांडेय और उसकी पत्नी सुमित्रा को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं। सुमित्रा के साथ अरविंद ने मंदिर में शादी रचाई थी। उसकी पहली पत्नी फरीदाबाद में दो बच्चों के साथ रहती है। पुलिस के अनुसार, देशभर के अनगिनत युवाओं से सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की गई। पुलिस करीब 60 पीड़ितों तक पहुंच सकी है। अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि अरविंद पांडेय, जो कि मूलरूप से गांव राजपुर, थाना कुर्रा का निवासी है। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ीवान और फरीदाबाद, हरियाणा में भी आवास है। अरविंद अपनी कथित पत्नी सुमित्रा के साथ मिलकर किशनी में भारतीय प्रोटेक्शन पुलिस फोर्स के नाम से अवैध रूप से भर्ती प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर रहा था। तेलंगाना के पिता-पुत्रों ने इसके खिलाफ नौकरी के नाम पर 3-5 लाख रुपये प्रति व्यक्ति ठगने की शिकायत की थी। पुलिस ने जांच कर पुख्ता सबूत एकत्रित करते हुए अरविंद और सुमित्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

आरोपियो से यह सामान वरामद
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी अरविंद और उसकी सहयोगी सुमित्रा से फर्जी यूनिफॉर्म, नकली एयर गन, फर्जी दस्तावेज, शपथ पत्र, अशोक स्तंभ स्टीकर, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, मेडिकल एडमिट कार्ड, आईडी कार्ड, लैपटाप, तीन मोबाइल, एक टैबलेट, सेना का फर्जी कैप्टन आईडी कार्ड आदि बरामद किया गया है। पुलिस ठगी गैंग में शामिल अन्य आरोपियो की भी तलाश कर रहीं है।

महंगे शौक और बड़े सपनों ने बनाया अपराधी
अरविंद पांडेय ने पुलिस की पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। इंस्पेक्टर ललित भाटी के अनुसार अरविंद ने बताया कि वह हाईस्कूल तक भी नहीं पढ़ा। 2011 में उसने शिकोहाबाद के रहने वाले एक पीएसी कर्मी की बेटी निधि यादव से शादी की थी। उससे दो बच्चे भी हैं। निधि को फरीदाबाद के सेक्टर-91, सूर्य विहार, शिव मंदिर वाली गली में बनाए आवास में रखता है। 2014 में उसने मोबाइल की दुकान मैनपुरी में खोली। दुकान पर जो भी लोग सिम खरीदने के लिए आते थे, उनसे दस्तावेज लेता था। कईयों को जाली तरीके से भी सिम बेचता था, जिन लोगों से दस्तावेज लिए थे।

सत्तापक्ष के नेताओं के साथ उठना बैठना
करोंड़ो रुपए की ठगी करने का आरोपी मंहगे शौक ही नहीं रखता था, मंहगे शौक रखने के साथ ही उसका सत्ता पक्ष के नेताओं के साथ भी उठना बैठना था, इसके अलावा अरविंद लोगो को गुमराह करने के लिए अपने लग्जरी ऑफिस पुलिस के बड़े अधिकारी के साथ या बड़े नेता के साथ एडिट की हुई फोटो भी लगाता था। उसकी एक फोटो वायरल हुई है जिसमें वह पूर्व केन्द्रीय मंत्री भाजपा सांसद एसपी सिंह बघेल के साथ दिखाई दे रहा है।

लोगो के दस्तावेज से लोन और फाइनेंस कराया
आरोपी अरविंद ने जिन लोगो से सिम खरीदते पर दस्तावेज लिए थें उनके नाम पर बैंकों और फाइनेंस कंपनियों से लोन करा लिया था। इस मामले में कोतवाली सदर में भी केस भी दर्ज है। इसके बाद दुकान को बंद कर दिया। फिर फर्जी तरीके से हिंदुस्तान दंत मंजन के नाम से कंपनी खोली, उसे कुछ दिन चलाने के बाद बंद कर दिया। 2019 में मिस इंडिया प्रतियोगिता की तैयारी कराने के नाम पर देशभर की कई लड़कियों से पैसों की ठगी की। इसके बाद एक राजनीतिक दल भी बनाया। इसमें भी लोगों को जोड़ने के नाम पर पैसे ऐंठने लगा। इसके बाद नेशनल एंटी करप्शन क्राइम ब्यूरो के नाम से संस्था संचालित की। इसका भय दिखाकर लोगों को धमकाने और ठगने लगा।

घिरोर बाईपास पर भी खोल लिया भर्ती प्रशिक्षण केंद्र
अरविंद पांडेय ने 2023 में घिरोर बाईपास पर भी एक प्रशिक्षण केंद्र खोला था। इस केंद्र को कुछ दिन संचालित किया। मगर, यहां पानी भर गया। इसके चलते उसे नुकसान हुआ और केंद्र को बंद कर दिया।

सुमित्रा को पहले ठगा फिर दूसरी पत्नी बनाया
पुलिस पूछताछ में अरविंद और सुमित्रा के संबंधों का भी खुलासा हुआ। सुमित्रा ने पुलिस को बताया कि 2023 में वह घिरोर सेंटर पर सेना भर्ती की तैयारी के लिए अरविंद के सेंटर से जुड़ी थी। वहां उसने तैयारी की। मगर, नौकरी नहीं लगी। इसका अरविंद से विरोध किया और उसकी ठगी का खुलासा किया। इसके बाद अरविंद ने उसे अपने केंद्र में ही नौकरी दे दी। दोनों की बाद में नजदीकी बढ़ी और मंदिर में प्रेम विवाह भी कर लिया। सुमित्रा की उम्र 21 साल और अरविंद की उम्र 40 वर्ष से अधिक है।

आगरा में तैयार कराया था आर्मी कैप्टन का फर्जी आईकार्ड
सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि अरविंद ने पूछताछ में यह भी बताया है कि उसने आगरा के संजय प्लेस स्थित प्रतीक टॉवर में शॉप नंबर 502 में कार्यालय खोला। यहां सुमित नाम के एक वीडियो एडिटर को नौकरी पर रखा। सुमित ने ही आर्मी कैप्टन का फर्जी आईकार्ड अरविंद के लिए तैयार किया। अरविंद के अनुसार यूट्यूब चैनल पर जो वीडियो अपलोड किए जाते थे, उनकी एडिटिंग का काम सुमित का था।

किशनी चौराहे पर 12 बीघा जमीन में खोला सेंटर
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बर्ष 2024 में किशनी चौराहे पर अरविंद पांडेय ने 12 बीघा जमीन एग्रीमेंट पर कस्बा किशनी के ही रहने वाले अनिल यादव और उनके भाई अरुण यादव से एक लाख रुपये किराए पर ली थी। इस किराए की जमीन पर यह सेंटर खोला। सेंटर खोलने के समय अरविंद पांडेय ने कुछ युवकों के साथ किशनी चौराहे पर बिजली कनेक्शन के लिए धरना प्रदर्शन भी किया था।

अरविंद के बैंक खातों में पैसा नहीं
अरविंद के बैंक खातों को भी पुलिस ने खंगाला है। उसके खातों में ज्यादा रकम नहीं पाई गई है। पुलिस के सामने दिल्ली की एक सीए फर्म के सीए का नाम सामने आया है, जो कि नोएडा में रहता है, वह ही अरविंद के पैसों का हिसाब रखता है। पुलिस ने अरविंद से ठगी के रकम के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि कुछ समय पहले वह गाड़ी से तेलंगाना गया था। वहां उसका एक्सीडेंट हुआ था। उसके निपटारे में 30 लाख रुपये खर्च करने पड़े थे।

परिवार नहीं रखता अरविंद से नाता
पुलिस को अरविंद ने बताया है कि उसके परिवार में चार बहन, एक भाई और वह खुद है। इसके अलावा माता-पिता, पत्नी निधि व दो बच्चे हैं। माता-पिता, भाई और बहन ने उससे नाता तोड़ रखा है।

प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को दाखिले पर देता था कमीशन
अरविंद पांडेय का काम युवाओं को सिर्फ यूट्यूब पर ही झांसे में लेकर ठगने का नहीं था। बल्कि वह केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं के जरिए भी अन्य युवाओं से जुड़ता था। उनके जरिए युवाओं को बुलाता था। सेंटर विजिट की फीस 2150 रुपये तय कर रखी थी। अगर, कोई व्यक्ति प्रशिक्षण लेने के लिए हामी भरता तो वह उनसे प्राप्त होने वाली फीस बतौर धनराशि में से संबंधित युवाओं को लाने वाले प्रशिक्षुओं को भी कमीशन देता था।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। निधि यादव से फरीदाबाद जाकर भी पूछताछ करेगी। इसके अलावा सुमित को भी तलाश किया जाएगा। गिरोह में कई और लोगों के भी जुड़े होने के सुराग पुलिस को मिले हैं, उन तक भी पुलिस पहुंचने के प्रयास में लगी है।

पूर्व सैनिकों को किया था सम्मानित
अरविंद पांडेय की करतूत पर किसी को शक न हो और सेना के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त हो सके, इसके लिए वह पूर्व सैनिकों के संपर्क में भी रहता था। किशनी में ही पिछले दिनों उसने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया था।



फोटो परिचय-ऑफिस में पुलिस अफसरों के साथ बैठा हुआ आरोपी, एडिट किया गया फोटो

Additional Image
खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment