सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य प्रशासन

ताजमहल में गर्मी के कहर के बीच ताज सुरक्षा पुलिस बनी मददगार

by morning on | 2025-06-09 15:46:47

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 55


ताजमहल में गर्मी के कहर के बीच ताज सुरक्षा पुलिस बनी मददगार


बिछड़े बच्चे को मिलाया परिजनों से, दो पर्यटकों को समय रहते पहुंचाया अस्पताल

Morning City

आगरा। गर्मी का पारा चढ़ते ही ताजमहल परिसर में पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता ने एक बार फिर मानवता और सेवा भाव का उदाहरण पेश किया। सोमवार को एक दिन में तीन अलग-अलग घटनाओं में पुलिस की सक्रियता से एक बिछड़ा बच्चा सकुशल परिजनों से मिल गया, जबकि दो पर्यटकों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई गई।

पहली घटना सैयद कुंडोल से आए पर्यटक माखन सिंह के पांच वर्षीय पुत्र डोरी लाल उर्फ डीके से जुड़ी है, जो पुरानी मंडी प्रवेश द्वार के पास भीड़ में परिजनों से बिछड़ गया था। बच्चा रोता हुआ नीम तिराहा बैरियर पर ड्यूटी पर तैनात पीएसी के आरक्षी चौल सिंह को मिला। उन्होंने तत्काल बच्चे को ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक शिवराज सिंह के सुपुर्द किया। बच्चे से बातचीत कर उसका पिता का मोबाइल नंबर लिया गया और संपर्क कर परिजनों को खोजकर सकुशल मिलवाया गया। इस मानवीय प्रयास पर बच्चे के परिजनों ने आगरा पुलिस का आभार जताया।

दूसरी घटना दोपहर करीब 2:10 बजे ताजमहल के पश्चिमी निकास द्वार पर हुई, जहां इटावा से आए पर्यटक अवनीश कुमार का 5 वर्षीय बेटा यश गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा। अन्य पर्यटकों ने तत्काल ताज सुरक्षा पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस चालक भूरे सिंह व स्वास्थ्यकर्मी प्रेम सिंह को मौके पर बुलाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। बच्चे के पिता ने पुलिस सहायता को सराहते हुए आभार जताया।

तीसरी घटना भी ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार की लाइन में घटी, जब रायबरेली से आया 23 वर्षीय पर्यटक अग्निवीर मौर्य अत्यधिक गर्मी के कारण बेहोश हो गया। ADA कर्मचारी गौरव यादव और SIS कर्मचारी जितेंद्र सिंह ने स्थिति को देखते हुए तुरंत क्विक रिस्पॉन्स टीम को सूचना दी। उपनिरीक्षक शिवराज सिंह के नेतृत्व में एंबुलेंस और मेडिकल टीम को बुलाया गया और मौर्य को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल भिजवाया गया। उनके साथी सत्यम अग्रहरि ने बताया कि पर्यटक का इलाज जारी है और समय पर मदद मिलने से स्थिति नियंत्रण में है।

इन सभी घटनाओं में ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार, मुख्य आरक्षी महेश चंद्र और महिला आरक्षी लक्ष्मी देवी की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता ने पर्यटकों के संकट में मसीहा का काम किया। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस का यह सहयोगी रवैया सराहनीय बन गया है।

खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment