सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य अपराध

Agra News:ताजनगरी में मचा हड़कंप : आगरा में अवैध धर्मांतरण गैंग का भंडाफोड़, 11 गिरफ्तार

by Morning on | 2025-09-02 16:48:01

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 133


Agra News:ताजनगरी में मचा हड़कंप : आगरा में अवैध धर्मांतरण गैंग का भंडाफोड़, 11 गिरफ्तार



ईसाई धर्मसभा में धर्म परिवर्तन कराने का खेल पकड़ा गया, पुलिस ने मारा छापा

सादा ड्रेस में महिला सिपाही हर रविवार धर्मसभा में हुई शामिल, जुटाए सबूत

Morning City

आगरा ताजनगरी में शाहगंज थाना पुलिस ने एक बड़े धर्मांतरण सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 महिलाओं सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इस पूरे प्रकरण में सबसे अहम भूमिका सादा ड्रेस में महिला सिपाही ने निभाई, जो हर रविवार धर्मसभा में गुप्त रूप से शामिल होकर वीडियो, फोटो और बातचीत रिकॉर्ड कर सबूत जुटाती रहीं थी। पुलिस के अनुसार, धर्मसभा में आने वाले लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं को सुना जाता था और उन्हें विश्वास में लेकर “ईसाई धर्म अपनाने पर बीमारी ठीक होगी, बच्चे अच्छी पढ़ाई करेंगे और नौकरी दिलवाई जाएगी” जैसे झांसे दिए जाते थे। आयोजक लोगों को हिंदू रीति-रिवाज न मानने और ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। इसमें कहा जाता था, “टीका मत लगवाओ, कलावा मत पहनो, ईसाई धर्म अपनाने के फायदे ज्यादा हैं।” साथ ही, धर्म परिवर्तन करने वालों को हर संभव मदद और भरोसा दिया जाता था।

पुलिस की एक महीने की गुप्त रेकी लाई रंग
शाहगंज पुलिस ने एक महीने तक गुप्त निगरानी रखी। महिला सिपाही के गुप्त मिशन और अन्य टीम की निगरानी के बाद रविवार को छापेमारी की गई और आरोपी दबोच लिए गए। पुलिस ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क केवल आगरा तक सीमित नहीं था। सोशल मीडिया और ऑनलाइन मीटिंग के जरिए इंडिया, दुबई और स्पेन के लोग भी इसमें शामिल थे। हर रविवार सुबह 4 बजे ऑनलाइन मीटिंग आयोजित की जाती थी। मास्टरमाइंड राजकुमार लालवानी, जो पहले हिंदू था और बाद में ईसाई धर्म अपनाकर पास्टर जी बन गया, धर्मसभा में आने वालों को झाड़-फूंक, बाइबिल पढ़कर और चमत्कार दिखाकर विश्वास में लेता था। इसके एवज में विदेशों से पैसा आता और इसे बेटी तथा अन्य सहयोगियों के खातों में जमा कराया जाता। बेटी के नाम पर खोला गया करंट अकाउंट इस पूरे नेटवर्क का अहम हिस्सा था।

पूछताछ जारी, मुकदमा दर्ज
भाजपा नेताओं सुनील कर्मचंदानी और घनश्याम हेमलानी की शिकायत के बाद यह मामला कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और पुलिस आयुक्त दीपक कुमार तक पहुंचा। मंत्री के निर्देश पर एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और गहन जांच के बाद कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में राजकुमार ने कबूल किया कि वह अब तक कई लोगों का धर्मांतरण करा चुका है। रविवार को आयोजित धर्मसभाओं में महिला आरोपी झाड़-फूंक कर चमत्कार दिखाती थीं, जिससे लोग उनके प्रभाव में आकर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार हो जाते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 15 बाइबिल, 3 ईसाई भक्ति गीतों की किताबें, 4 डायरी, 8 कॉपी व रजिस्टर, 6 मोबाइल फोन, 2 कारें (अर्टिगा व ईऑन हुंडई) और रूपए 13,165 नगद बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरोह में और भी लोग शामिल हैं, जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस खुलासे ने आगरा में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध धर्मांतरण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन में भी नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। सादा ड्रेस में महिला सिपाही की भूमिका ने पूरे मामले को उजागर करने में निर्णायक भूमिका निभाई और साबित किया कि पुलिस की गुप्त निगरानी और सतर्कता ने धर्मांतरण के इस खेल को पकड़ने में सफलता दिलाई।

Additional Image
खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment