सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य स्वास्थ्य

Agra News:एस.एन. में हुई सफल एडवांस्ड कंधा सर्जरी मरीजों के लिए नई उम्मीद बनी आधुनिक आर्थ्रोस्कोपी तकनीक

by morning on | 2025-10-14 16:38:43

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 165


Agra News:एस.एन. में हुई सफल एडवांस्ड कंधा सर्जरी मरीजों के लिए नई उम्मीद बनी आधुनिक आर्थ्रोस्कोपी तकनीक


Morning City

आगरा एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के हड्डी एवं जोड़ रोग विभाग ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विभाग के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रजत सर्व कपूर और उनकी टीम ने एडवांस्ड शोल्डर आर्थ्रोस्कोपी (कंधे की दूरबीन विधि से सर्जरी) को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस सर्जरी में विभागाध्यक्ष डॉ. अमृत गोयल का विशेष सहयोग रहा। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि अब एस.एन. मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक की-होल तकनीक से कंधे की जटिल सर्जरी की जा रही है, जिससे आगरा और आसपास के मरीजों को बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक विभाग में अब रोटेटर कफ रिपेयर जैसी अत्याधुनिक आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। यह तकनीक न केवल सुरक्षित है, बल्कि इससे मरीज को कम दर्द और जल्दी आराम मिलता है। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रजत कपूर ने विस्तार से बताया कि रोटेटर कफ टियर कंधे की एक आम लेकिन गंभीर समस्या है। इसमें कंधे को हिलाने-डुलाने वाली चार प्रमुख मांसपेशियों सुप्रास्पिनेटस, इंफ्रास्पिनेटस, टेरेस माइनर और सबस्कैपुलारिस के रेशे या टेंडन फट जाते हैं। इस वजह से कंधे में दर्द, हाथ उठाने में कठिनाई और कमजोरी महसूस होती है।

उन्होंने बताया कि इस बीमारी के मुख्य कारण उम्र बढ़ने से मांसपेशियों का कमजोर होना, गिरने या झटका लगने से चोट, बार-बार ऊपर की ओर काम करना (जैसे पेंटर, खिलाड़ी आदि), और खराब बैठने या खड़े होने की मुद्रा है। यह समस्या प्रायः 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों, डायबिटीज़ से पीड़ित व्यक्तियों या धूम्रपान करने वालों में ज्यादा पाई जाती है। डॉ. कपूर के अनुसार, हल्के मामलों में दवा, आराम, फिजियोथेरेपी और इंजेक्शन से इलाज संभव है, लेकिन गंभीर स्थिति में आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी करना आवश्यक होता है। इस तकनीक में बहुत छोटे चीरे से कैमरे और बारीक उपकरणों की मदद से सर्जरी की जाती है, जिससे मरीज जल्दी स्वस्थ हो जाता है। एस.एन. मेडिकल कॉलेज में हुई यह सर्जरी न केवल संस्थान की चिकित्सा क्षमताओं का प्रमाण है, बल्कि आगरा और आसपास के मरीजों के लिए उन्नत उपचार की दिशा में एक नई शुरुआत भी है।

खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment